दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 मार्च। दुर्ग शहर के स्वास्थ्य विभाग में लगातार सामने आ रही लापरवाही एवं अनियमितताओं के खिलाफ शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित जांच एवं कड़ी कार्यवाही की मांग की।
ज्ञापन में उन्होंने बताया कि नसबंदी ऑपरेशन के दौरान हुई महिलाओं की मृत्यु के मामले में आज तक न तो वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाया है और न ही कोई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है। शासन द्वारा निर्धारित 2 लाख रुपये की मुआवजा राशि आज तक पीडि़त परिवारों को नहीं दी गई है, साथ ही यह भी सवाल उठाया गया कि ऑपरेशन में प्रयुक्त दवाइयों की खरीदी सीजीएमएससी के माध्यम से न होकर अन्य स्रोतों से किए जाने की जानकारी सामने आई है। यदि दवाइयाँ अमानक थीं, तो अब तक दोषियों पर क्या कार्रवाई हुई, यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है। इस दौरान पीडि़त के परिवारजन भी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की कमी के बावजूद चिकित्सकों को सीएमएचओ कार्यालय में अटैच किया जाना गंभीर लापरवाही है, जिससे आम मरीजों को उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरबीएसके टीम को एम्बुलेंस से भेजे जाने, दवाइयों की कमी तथा जांच व्यवस्था के केवल कागजों में सीमित रहने जैसे मुद्दों को भी उठाया।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, दीपक दुबे, रायसिंह ढिकोला, प्रेमलता साहू, दुष्यंत देवांगन, केके सिंह, सुरेंद्र राजपूत, जमुना साहू, पोषण साहू, आनंद ताम्रकार, राहुल शर्मा, मुकेश साहू, अनूप वर्मा, चिराग शर्मा, ओमप्रकाश जोशी, बिजेंद्र भारद्वाज, भीम सेन, खुर्शीद अहमद, मनीषा सोनी, संजय बत्रा, दुष्यंत साहू, आदित्य नारंग, चंद्रशेखर पारख, दीपक जैन, अनिल राव, राकेश यादव, प्रीतम देशमुख, कुंदन सोनी, अंश चतुर्वेदी, अमित मिश्रा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।


