दुर्ग
दुर्ग, 20 मार्च। नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी करने वाली महिला को पदमनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला ने सीएसपीडीसीएल में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर फर्जी नियुक्ति का झांसा देकर 10 लाख रुपए की ठगी की थी।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया पायल निवासी सेक्टर 7 भिलाई ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 2 अगस्त 2023 को महाराजा चौक स्थित एक दुकान में उसकी मुलाकात आदर्श नगर दुर्ग निवासी प्रिया देशमुख से हुई थी। प्रिया देशमुख द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में सब इंजीनियर के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 20 लाख रुपए की मांग की थी जिसमें से 10 लाख रुपए पीडि़ता द्वारा दे दिए गए थे। इसके बाद आरोपिया ने प्रार्थिया को अपने सहयोगी रजत गुप्ता से मिलवाया, जिसने स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था।
नवंबर 2023 में रायपुर सर्किट हाउस में प्रार्थिया को असिस्टेंट इंजीनियर पद का फर्जी जॉइनिंग लेटर प्रदान किया गया। प्रार्थिया की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने धारा 420, 467, 468 ,120 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपिया प्रिया देशमुख को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अन्य आरोपी की तलाश में टीम लगी हुई है।


