दुर्ग

अफीम की अवैध खेती के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
18-Mar-2026 2:51 PM
अफीम की अवैध खेती के विरोध   में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 18 मार्च। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ  हजारों की संख्या में रायपुर पहुंचे जहां उन्होंने मनरेगा, नशाखोरी, अफीम की अवैध खेती जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान रायपुर में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की तैयारी को लेकर पूर्व में राजीव भवन दुर्ग में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की गई, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा प्रत्येक विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने स्वयं तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग कर संगठन को सक्रिय किया।

विधानसभा घेराव कार्यक्रम से पूर्व दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस के अंतर्गत पाटन विधानसभा, अहिवारा विधानसभा, दुर्ग ग्रामीण विधानसभा, धमधा ब्लॉक एवं साजा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजन, ब्लॉक अध्यक्षों, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता की श्री ठाकुर के नेतृत्व में पहले रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पहुंचे। वहां से सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर रैली के रूप में विधानसभा घेराव स्थल के लिए रवाना हुए। वहीं दुर्ग जिले से शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।  इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार, गिरती कानून व्यवस्था तथा युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया। विधानसभा घेराव कार्यक्रम में पीसीसी महामंत्री राजेंद्र साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, दीपक दुबे, ब्लॉक अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, रायसिंह ढिकोला, देवीश्री साहू, गुरदीप भाटिया, आनंद ताम्रकार, प्रेमलता पोषण साहू, दुष्यंत देवांगन सहित दुर्ग शहर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही और सभी ने एकजुट होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।


अन्य पोस्ट