दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 मार्च। सीजी दसवीं-बारहवीं बोर्ड परीक्षा के बीच उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। मूल्यांकन के पहले जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा के मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को सुबह 9 बजे खालसा पब्लिक स्कूल में किया गया।
इस कार्यशाला में उन्हें उपस्थित होने कहा गया, जिनकी ड्यूटी मुख्य मूल्यांकनकर्ता, सहायक मूल्यांकनकर्ता एवं व्याख्याताओं के रूप में छ.ग. मा. शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा मूल्यांकन कार्य में लगाई गई है। मंडल द्वारा जिन व्याख्याताओं को मूल्यांकन कार्य से प्रतिबंधित किया गया है। उन्हें प्रशिक्षण से दूर रखा गया। यह भी निर्देश दिया गया कि व्याख्याताओं के प्रशिक्षण में उपस्थित नहीं होने अथवा कार्यमुक्त नहीं किए जाने पर संबंधित संस्था प्रमुख जिम्मेदार होगें।
कार्यशाला में माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर के उपसचिव डॉ. बी.रघु ने गुणवत्ता पूर्ण मूल्यांकन पर विशेष जोर दिया। कार्यशाला को जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा तथा सहायक संचालक सीमा नायक ने भी संबोधित किया। सेजस दीपक नगर के मूल्यांकन केंद्र अधिकारी जे. मनोहरण तथा आदर्श कन्या स्कूल के मूल्यांकन केंद्र अधिकारी डॉ. कृष्णा अग्रवाल ने मूल्यांकन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने मूल्यांकन के तौर तरीकों की बारीकियां बताई। पीपीटी के माध्यम से संभावित त्रुटियों की ओर मूल्यांकन कर्ताओं का ध्यान आकृष्ट कराया। वैसे मूल्यांकन का प्रथम चरण 16 मार्च से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगा। द्वितीय चरण 25 मार्च से 7 अप्रैल तक चलेगा। मूल्यांकन के लिए केंद्रों में उत्तर पुस्तिकाएं भेजी जा चुकी है।