दुर्ग

साईंनाथ पालकी शोभायात्रा निकली
15-Mar-2026 4:40 PM
साईंनाथ पालकी शोभायात्रा निकली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 15 मार्च। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी साईं भक्तों द्वारा साईंनाथ पालकी शोभा यात्रा का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। आयोजनकर्ता गुलाब बाबा ने बताया कि  यह धार्मिक आयोजन पिछले कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर साईं बाबा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत शाम को भक्ति भाव के माहौल के साथ हुई। शाम 7.30 बजे से भव्य भजन-कीर्तन संध्या का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान साईंनाथ पालकी शोभा यात्रा भी निकाली गई जिसमें साईं बाबा की सुंदर झांकी और सुसज्जित पालकी आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने पालकी के साथ चलकर भक्ति भाव से साईं बाबा का गुणगान किया। इस आयोजन का विशेष आकर्षण पांच घोड़ों का नृत्य रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। घोड़ों के आकर्षक नृत्य और कलाकारों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए साईं भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

यह संपूर्ण धार्मिक आयोजन साईं गार्डन, सडक़ क्रमांक-6, गायत्री मंदिर के पास, मॉडल टाउन, भिलाई में संपन्न हुआ।  आयोजनकर्ता गुलाब बाबा ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम समाज में धार्मिक आस्था, भाईचारा और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट