दुर्ग

सलाह से न्याय की भावना को स्थापित करने का सशक्त मंच है नेशनल लोक अदालत-सिन्हा
15-Mar-2026 4:36 PM
सलाह से न्याय की भावना को स्थापित करने का सशक्त मंच है नेशनल लोक अदालत-सिन्हा

49 करोड़ 60 लाख अवार्ड राशि पारित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 15 मार्च। जिला न्यायालय में शनिवार की सुबह 10.30 से बजे राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ जिसका शुभारंभ मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा, पोर्टफोलियो जज न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी ने किया। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया था। मुख्य अतिथियों के न्यायालय पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स के अनुशासित दस्ते के द्वारा भव्य अगवानी की गई और उन्हें सम्मान पूर्वक मंच तक लाया गया।

इस लोक अदालत में कुल 10,13,730 प्रकरणों का आपसी समझौता हुआ तथा लोक अदालत में कुल 49,60,31,667 रुपए की अवार्ड राशि पारित हुई। सुलभ से न्याय के संकल्प के साथ संपन्न हुई राष्ट्रीय लोक अदालत में मुख्य न्यायाधीश ने पक्षकारों को बधाई दी। इसके पूर्व में ही तैयारी को लेकर मुख्य न्यायाधीश द्वारा 26 फरवरी एवं 11 मार्च को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी की विस्तृत समीक्षा की गई थी एवं अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए थे। इस लोक अदालत में जिला न्यायालय दुर्ग सहित कुल 39 पीठ का गठन किया गया था जहां विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का निराकरण किया गया। लोक अदालत की कार्रवाई भौतिक एवं वर्चुअल दोनों माध्यम से आयोजित की गई थी जिससे दूरस्थ क्षेत्र के पक्षकार भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मामलों का निराकरण करवाए।

मुख्य न्यायाधीश ने इस अवसर पर कहा कि लोक अदालत केवल प्रकरण के बोझ को कम करने का माध्यम नहीं है बल्कि यह समाज में सलाह से न्याय की भावना को स्थापित करने का एक सशक्त मंच है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक उत्साह का संचार करते हुए जिला न्यायालय बार के सदस्यों, सांस्कृतिक एवं नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा विशेष पंडवानी गायन एवं गीत प्रदर्शित किए गए।

इस लोक अदालत में जिला न्यायालय दुर्ग परिवार न्यायालय तथा भिलाई तीन, पाटन ,धमधा न्यायालय में कुल 39 खंडपीठों का गठन किया गया था। कुल 10,13,730 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। निपटारे के माध्यम से कुल 49,60,31,667 रुपए समझौता एवं अवार्ड राशि पारित हुई। मुख्य न्यायाधीश के मार्गदर्शन में तकनीकी और नवाचारों का भी प्रभावी उपयोग किया गया।

लोक अदालत के कार्रवाई भौतिक और वर्चुअल दोनों माध्यम से संचालित की गई जिसमें दूरस्थ क्षेत्र के पक्षकारों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त मोबाइल अवेयरनेस  के माध्यम से ऐसे वृद्ध और बीमार पक्षकारों को उनके घर पर ही लोक अदालत की प्रक्रिया से जोड़ा गया जो न्याय पाने न्यायालय आने में असमर्थ थे।

लोक अदालत में समझौता योग्य आपराधिक मामले, दीवानी वाद और चेक बाउंस के मामले ही शामिल थे। सामाजिक सौहार्द्र की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में परिवार न्यायालय में काउंसलिंग के माध्यम से बिछड़े हुए जोड़ों ने पुन: एक साथ रहने का निर्णय लिया। इसके साथ ही मोटर दुर्घटना दावा के प्रकरणों का निराकरण कर पीडि़तों को राहत प्रदान की गई। प्री लिटिगेशन स्तर पर बैंक, बिजली और दूरसंचार से संबंधित मामलों को न्यायालय पहुंचने से पूर्व ही सुलझा लिया गया।


अन्य पोस्ट