दुर्ग
दुर्ग, 12 मार्च। थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत अवैध अफीम की खेती के प्रकरण में गिरफ्तार हुए तीन आरोपियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। आरोपियों को पूर्व में तीन दिन की पुलिस रिमांड में लेने के बाद पुलिस ने न्यायालय से आरोपियों विनायक ताम्रकार, विकास बिश्नोई एवं मनीष ठाकुर को पूछताछ के लिए 5 दिन की और पुलिस रिमांड दिए जाने का निवेदन किया था परंतु कोर्ट ने आरोपियों को दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा है। कुछ दिन पूर्व ही दो फरार आरोपियों की तलाश में टीम राजस्थान गई हुई है। पुलिस की टीम वहां पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
ग्राम समोदा में अफीम की खेती का मामला पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। दो फरार आरोपियों अचलाराम जाट एवं श्रवण बिश्नोई की तलाश पुलिस कर रही है, राजस्थान गई टीम को अभी सफलता नहीं मिल पाई है। एक आरोपी विकास बिश्नोई के घर से पुलिस ने अफीम एवं डोडा जब्त किया है। पुलिस का मानना है कि विकास के घर से अफीम एवं डोडा जब्त करने से यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि आरोपी विकास के माध्यम से ही अन्य जगहों पर सप्लाई कर नशे का कारोबार करते थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि टीम राजस्थान भेजी गई है जो वहां पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में लगी हुई है। आरोपियों के छुपे होने की संभावना को देखते हुए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस रिमांड में लिए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


