दुर्ग

दशहरा मैदान का निरीक्षण, कमिश्नर ने खिलाडिय़ों के हित में लिए फैसले
11-Mar-2026 5:39 PM
दशहरा मैदान का निरीक्षण, कमिश्नर ने खिलाडिय़ों के हित में लिए फैसले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 मार्च।
नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को शांति नगर स्थित दशहरा मैदान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल मैदान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां अभ्यास कर रहे स्थानीय खिलाडिय़ों और आम नागरिकों से संवाद किया।

 संवाद के दौरान खिलाडिय़ों ने आयुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। खिलाडिय़ों का कहना था कि वर्तमान में निर्धारित सुरक्षा निधि 02 लाख रुपए  अधिक है और  ईओआई में वार्षिक किराया राशि  अधिक प्राप्त होने पर स्थानीय प्रतिभाओं को मैदान का उपयोग करने में कठिनाई हो  सकती है।

खिलाडिय़ों और आम नागरिकों को गंभीरता से सुनते हुए आयुक्त ने मौके पर ही उपस्थित कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा को निर्देशित किया कि मैदान के उपयोग संबंधी नियमावली में आवश्यक संशोधन के लिए महापौर परिषद में पुनर्विचार की कार्यवाही करें, जिससे किराया दरों और सुरक्षा निधि को तर्कसंगत बनाया जा सके, ताकि स्थानीय समितियों और खेल प्रेमियों को इसका भरपूर लाभ मिल सके।
निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि ‘रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित करने का मुख्य उद्देश्य मैदान के प्रबंधन को व्यवस्थित करना था, जिससे युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। आयुक्त  ने यह भी निर्देशित  किया गया कि बड़े स्तर के खेल आयोजनों के लिए मैदान का संधारण शुल्क मात्र 10 हजार से अधिक नहीं प्रस्तावित किया जाए।  इसी प्रकार मैदान का संधारण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिव्यक्ति मेंटेनेंस शुल्क 250 रुपए मासिक से अधिक नहीं हो, ताकि आयोजन सुगमता से संपन्न हो सकें, साथ ही मैदान के रखरखाव में मदद मिले।  उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य भिलाई की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना है। नियमों में संशोधन का प्रस्ताव कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सार्वजनिक संसाधनों का लाभ बिना किसी बाधा के सीधे स्थानीय खिलाडिय़ों और आम नागरिकों को मिले।
 


अन्य पोस्ट