दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 मार्च। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सोमवार को शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों का सघन निरीक्षण किया। शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं में विस्तार के उद्देश्य से आयुक्त ने निर्माणाधीन मुख्य नाला एवं सीमेंटीकरण कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
वार्ड क्रमांक 1 मॉडल टाउन पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास मुख्य नाला निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया। आगामी वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए नाले का चौड़ीकरण एवं गहरीकरण कराया जा रहा है। जनमानस और जीव-जंतुओं की सुरक्षा हेतु नाले के दोनों किनारों पर सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) का निर्माण किया जा रहा है।
कोहका सडक़ क्रमांक 2 एवं 3 में 98 लाख रुपये की लागत से हो रहे सीमेंटीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने कहा कि इस सडक़ के बनने से स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। सडक़ निर्माण के साथ ही गंदे पानी की सुचारू निकासी हेतु सडक़ किनारे नालियों का निर्माण भी सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि जल जमाव की स्थिति निर्मित न हो।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, रीमा जामुलकर, बसंत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी तथा जोन स्वच्छता निरीक्षक कमलेश द्विवेदी उपस्थित रहे।


