दुर्ग
घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 मार्च। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर में 60 तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर में 115 रुपये की मूल्य वृद्धि के विरोध में सोमवार को जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने पटेल चौक में प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। साथ ही केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल एवं भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के संयुक्त नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में मौजूद लोगों ने केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि को आम जनता पर सीधा आर्थिक बोझ बताया। कांग्रेस के जिला अध्यक्षों ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज आम आदमी की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता को अब गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर और अधिक परेशान किया जा रहा है।
500 में गैस सिलेंडर देने का वादा करने वाली भारतीय जनता पार्टी आज जनता को मुंह दिखाने के लायक नहीं रह गई है। चुनाव के समय किए गए वादों से भाजपा पूरी तरह मुकर गई है और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। रसोई गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि से आम नागरिकों के साथ-साथ छोटे होटल, ढाबा संचालक और व्यापारियों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है।
पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता त्रस्त है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी और हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी देखने को मिली, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार बढ़ाई गई गैस सिलेंडर की कीमतों को वापस नहीं लेती, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में आगे भी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
इस दौरान आर एन वर्मा, निर्मल कोसरे, महेंद्र वर्मा, विशाल देशमुख, योगिता चंद्राकर, लक्ष्मी साहू, शिवकुमार वर्मा, दर्शन सिंह, जागेत्री साहू, उषा सोनवानी, श्रीकांत वर्मा, देवेंद्र देशमुख, जामवंत गजपाल, रूपेंद्र साहू, प्रमोद राजपूत, राजेश्वर सोनकर, संजय कोहले, मनहरण यादव, राम सूर्यवंशी, राकेश हिरवानी, टनेन्द्र ठाकरे, पालेश्वर ठाकुर, नासिर खोखर, हरीश ठाकुर, धर्मेंद्र साहू, मुकेश साहू, लोचन यादव, सुरेंद्र गायकवाड़, घनश्याम गजपाल, आनंद ताम्रकर, प्रेमलता साहू, निकिता मिलिंद, मोहित वालदे, अभिषेक जांगड़े, जय प्रकाश साहू, सुमित नारंग, अभिनव बघेल, महेंद्र निषाद, विनोद सेन, मनीष बघेल, सुनीत घोष, राहुल शर्मा, भीमसेन, ओमप्रकाश जोशी, अनूप वर्मा, निकिता मिलिंद, माहेश्वरी ठाकुर, दुष्यंत देवांगन, अविनाश यादव, प्रीतम देशमुख, वरुण केवलतानी, विजेंद्र भारद्वाज, अबरार पूवर, गौरव श्रीवास्तव, प्रमोद प्रभाकर, रविन्द्र सिंह प्रवक्ता, नरसिंह नाथ, सौरभ मिश्रा, इमरान अंसारी, शमशेर सिद्दीकी, मोहमद रफीक, जितेश बंजारे सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।


