दुर्ग

कांग्रेस को अफीम खेती मामले की जांच में नजर आ रहा झोल
10-Mar-2026 3:46 PM
कांग्रेस को अफीम खेती मामले की जांच में नजर आ रहा झोल

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रेस कांफ्रेंस लेकर उठाए कई सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 मार्च। कांग्रेस को ग्राम समोदा में अफीम की खेती मामले की जांच में झोल नजर आ रहा है। दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने राजीव भवन में प्रेस कांफ्रेंस लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने गिरदावरी व डिजिटल सर्वे रिपार्ट पर भी सवालिया निशान लगाया।

श्री ठाकुर ने कहा पटवारी हर साल खेत की गिरदावरी करता है। उन्होंने कहा यह बड़ा सवाल है कि क्या जहां अफीम की खेती हो रही थी उसका गिरदावरी हुआ है यदि हुआ है तो क्या पटवारी को दिखाई नहीं दिया। वहीं डिजिटल क्राप सर्वे में अफीम की खेती नजर नहीं आया यह जांच का विषय है। उन्होंने मांग किया कि क्षेत्र के आरआई व पटवारी के खिलाफ भी कार्रवाई हो। उन्होंने यह भी कहा कि खेत की रखवाली के लिए बाऊँसर नहीं रखा जाता है मगर वहां बाऊँसर रखे जाने की बात सामने आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि उक्त बाऊँसर का पेमेंट कौन करता था।

श्री ठाकुर ने मांग किया कि विनायक ताम्रकार के मोबाइल की जांच की जाए कि उनकी किन किन अधिकारियों से बात हुई है। उन्होंने कहा कि शामिलात खाता में खेत है तो उनके और भाई को कार्रवाई से अलग क्यों रखा गया। उन्होंने कहा कि अफीम की फसल में खड़े पौधे व फल की गिनती की बात कही गई थी मगर इसकी गिनती नहीं हुई। वहीं बिजली भी श्री ताम्रकार के पंप हाउस से जा रहा एवं नदी से पानी लिया जा रहा है जो भी जांच का विषय है। उन्होंने बेजा कब्जा एवं बहनों की बयान का मुद्दा भी उठाया।

राकेश ने कहा अधिकांश फलों से चिट्टा निकाला गया है यह जांच का विषय है उत्पादन किए जा रहे अफीम कहां खपा रहे थे इसका तार कहां से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि मामले में गिरफ्तार लोगों के फोन की 1 मार्च से गिरफ्तारी के पहले तक की जांच की जाए। साथ ही एसपी व बड़े अधिकारियों की निगरानी में विनायक ताम्रकार की नार्को टेस्ट की जाए क्योंकि यह प्रदेश में अफीम की खेती का पहला व बड़ा मामला है।

इस संयुक्त प्रेस वार्ता में भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि पुलिस जगह जगह चालान काटकर आम जनता को परेशान करती है यदि पुलिस इस दौरान सही जांच करती तो अवैध रूप से उगाए गए अफीम से तैयार चिट्टा खपाए जाने का मामला पहले ही पकड़ में आ जाती ऐसे में चौकी प्रभारी एवं पुलिस प्रशासन की भूमिका भी संदिग्ध है। दुर्ग शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि प्रदेश सूखे नशे के कारण अपराध का गढ़ बन गया है। बेखौफ अफीम की खेती गंभीर विषय है ऐसा कहां कहां हो रहा यह जांच का विषय है।

श्री ठाकुर ने बताया कि विनायक ताम्रकार को भाजपा द्वारा निलंबित किए जाने से साबित होता है कि वे मामले में संलिप्त है 5 तारीख को शिकायत के बावजूद तत्काल पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करना भी बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा पूरे मामले को लेकर कांग्रेस द्वारा प्रदेश भर में 12 मार्च को भाजपा के जिला कार्यालय का घेराव किया जाएगा। मामले का तार लंबा है इसका तार कहां से जुड़ा है यह जब तक सामने नहीं आ जाता तब तक मामले को लेकर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान आर एन वर्मा, दीपक दुबे, नीता लोधी, केशव बंछोर आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट