दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 मार्च। अलग-अलग थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी के मामले सामने आए हैं। पुलिस गश्त की कमी का फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। चोरों पर से पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है इसी का परिणाम है कि अलग-अलग जगह पर खड़ी चार मोटरसाइकिल की चोरी हो चुकी है। सभी मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 303 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि भिलाई नगर थाना में प्रार्थी एम मुथुस्वामी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह ट्रेडिंग सर्विस का काम करता है। 28 फरवरी को अपनी मोटरसाइकिल होंडा शाइन सीजी 07 एल जी 4358 से सेक्टर 9 हॉस्पिटल भिलाई दवाई लेने गया हुआ था। उसने अपनी मोटरसाइकिल को सेक्टर 9 अस्पताल धनवंतरी मेडिकल स्टोर के सामने दोपहर 2 बजे खड़ी कर दिया था और अस्पताल के अंदर डॉक्टर से दवाई की पर्ची लेने गया हुआ था।
अस्पताल के अंदर से जब वह वापस आया तो देखा खड़े किए जगह पर उसकी मोटरसाइकिल नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। चोरी गए वाहन की कीमत 10000 रुपए आंकी गई है।
प्रार्थी संतोष कुमार खंडेलवाल ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि वह गंजपारा बांधा तालाब वार्ड 36 निवासी है और शेयर की खरीदी बिक्री का काम करता है। उसका ऑफिस नदी रोड महावीर बिजनेस पार्क में है। 1 मार्च की शाम को 5 बजे वह अपनी बेटी समीक्षा खंडेलवाल के नाम की एक्टिवा स्कूटी सी जी 07 बी ए 8286 को अपने ऑफिस के बाहर लॉक करके खड़े कर दिया था और अपनी बेटी के घर बिलासपुर चला गया था। 7 मार्च की सुबह जब वापस आया तो देखा उसकी एक्टिवा गायब थी। चोरी गए वाहन की कीमत 25000 रुपए आंकी गई है।
इसी तरह तमेर पारा वार्ड 30 निवासी लक्ष्मी नाथ कसार ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह बीएसपी से रिटायर्ड कर्मचारी है। 6 मार्च की शाम को उसने अपने एक्टिवा स्कूटी सीजी 07 ए एस 8526 को घर के बाहर लॉक करके खड़ी कर दिया था। दूसरे दिन सुबह जब वह बाहर आकर देखा तो उसकी एक्टिवा गायब थी।
ग्राम भरदा निवासी ईश्वर लाल देशमुख ने पुलगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि वह ग्राम भरदा निवासी है और फॉल सीलिंग का काम करता है। 7 मार्च को रात 10 बजे वह सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने ग्राम कोनारी अपनी मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर सीजी 22 यू 9951 से गया हुआ था। मोटरसाइकिल को उसने कोनारी उप स्वास्थ्य केंद्र के सामने लॉक करके खड़ी कर दिया था। जब घर जाने के लिए वह रात 12.30 बजे निकला तो देखा खड़े किए जगह पर उसकी मोटरसाइकिल नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।


