दुर्ग
दुर्ग, 7 मार्च। निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत मानस भवन के पास लगे अस्थाई गुमटीधारियों पर निगम प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। गुमटीधारियों द्वारा लंबे समय से बकाया किराया राशि जमा नहीं किए जाने के कारण आयुक्त सुमित अग्रवाल के सख्त निर्देश पर निगम के बाजार विभाग के ईश्वर वर्मा और शशिकांत यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निगम अमले ने मानस भवन के पास लगे अस्थाई 16 गुमटियों को सीलबंद करने की कार्रवाई की। निगम प्रशासन ने बताया कि कई बार नोटिस देने के बाद भी संबंधित गुमटीधारियों द्वारा किराया राशि जमा नहीं की गई, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत जिन दुकानदारों द्वारा बकाया किराया राशि जमा नहीं की जाएगी, उन दुकानों पर भी इसी प्रकार सीलबंद की कार्रवाई कर निगम आधिपत्य में लिया जाएगा।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि निगम की संपत्तियों का किराया समय पर जमा करना आवश्यक है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


