दुर्ग
दुर्ग, 7 मार्च। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने युवक पर धारदार वस्तु से वार कर दिया। इससे युवक को चोटे आई और उसे अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया नूतन यादव निवासी अनूप किराना स्टोर के सामने मठ पारा वार्ड नंबर 3 ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह नगर निगम दुर्ग में ठेकेदारी व सफाई कर्मचारी का काम करती है। 5 मार्च की रात को उसके छोटे लडक़े आकाश को युवराज उर्फ गत्तु सारथी ने नुकीली धारदार वस्तु से वार कर दिया। आकाश रात लगभग 8.30 बजे कबड्डी मैदान सुलभ के पास मठ पारा में खड़ा हुआ था। उसी समय युवराज उर्फ गत्तु सारथी आया और पुरानी बात को लेकर कहा कि बहुत दिनों बाद मिला है आज पुराना हिसाब चुकता करूंगा। यह बोलकर उसने पुरानी रंजिश के चलते गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने धारदार नुकीली वस्तु से आकाश पर वार कर दिया। इससे आकाश को चोटें आई और उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर इलाज के लिए भर्ती किया गया।
बाइक को आरोपी ने किया आग के हवाले
दुर्ग, 7 मार्च। घर के बरामदा में खड़ी सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल को अज्ञात आरोपी ने आग के हवाले कर दिया। प्रार्थी की शिकायत पर जेवरा सिरसा चौकी पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 326 (1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी रामकिशन प्रजापति ग्राम कुटेला भाठा वार्ड 1 निवासी है। 4 मार्च को सुबह वह परिवार सहित अपने नतनीन सावित्री बाई के घर ग्राम रसमड़ा होली त्यौहार मनाने गया हुआ था। 2 बजे उसके दोनों नाती शुभम प्रजापति और हरीश प्रजापति वापस घर आए तो देख कि बरामदे में खड़ी उनकी मोटरसाइकिल सी जी 07 एल यू 2169 को अज्ञात आरोपी ने आग लगा दिया था। जिससे मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 8000 रुपए आंकी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नशीली सिरप बेचने वाले को 12 साल की सजा
दुर्ग, 7 मार्च। घर में कमरे के अंदर नशीली सिरप रखने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। न्यायाधीश सुनीता टोप्पो की कोर्ट ने आरोपी अनिल सिंह को एनडीपीएस एक्ट के तहत 12 वर्ष कठोर कारावास एवं एक लाख रुपए जुर्माना की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक एनडीपीएस प्रकाश शर्मा ने पैरवी की थी।
17 सितंबर 2024 को मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि न्यू कृतिका मेडिकल स्टोर आजाद मार्केट रिसाली का संचालक अनिल सिंह अपने मेडिकल दुकान के आड़ में अवैध लाभ प्राप्त करने के लिए ग्राहकों को अवैध रूप से प्रतिबंधित मादक सिरप की बिक्री कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मेडिकल स्टोर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान के पीछे आरोपी के घर के कमरे में एक स्टील के ड्रम के अंदर प्लास्टिक की थैली में रखे 12 नग नशीली सिरप को पुलिस ने जब्त किया था।


