दुर्ग

कार को रास्ता देने की बात पर मारपीट
06-Mar-2026 10:00 PM
कार को रास्ता देने की बात पर मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 6 मार्च। कार को रास्ता देने एवं कार हटाने की बात को लेकर दो पक्ष में मारपीट हो गई। दोनों ही पक्ष ने पदमनाभपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। दोनों की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अनिल साहू जिला अस्पताल दुर्ग में इंटर्नशिप के पद पर काम करता है। 4 मार्च की शाम को 4 बजे वह अपने भाई दीपेश साहू के साथ अपनी कार को पार्किंग से बाहर निकाल रहा था। उसी समय कॉलोनी का रहने वाला अंकुश शर्मा अपनी कार से आया और उनकी कार के सामने अपनी कार को लाकर खड़ी कर दिया। इस पर प्रार्थी ने बोला कि अपनी गाड़ी हटाओ मैं अपनी गाड़ी निकाल रहा हूं। इस बात को लेकर अंकुश शर्मा ने गाली गलौज किया। जब प्रार्थी ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने नशे की हालत में गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की।

इसी बीच आरोपी अंकुश शर्मा की पत्नी काजल शर्मा भी वहां आ गई और सभी मिलकर गाली गलौज करते हुए मारपीट किए। इससे प्रार्थी के सिर में चोटे आई वहीं कार के पीछे के कांच को भी नुकसान हुआ। दूसरी ओर काजल शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि वह आनंद विहार फेस टू पोटिया चौक निवासी है और वह इंटीरियर डिजाइनर का काम करती है। 4 मार्च की शाम को उसके पति अंकुश शर्मा ड्यूटी कर वापस कार से घर आ रहे थे। जब उसके पति आनंद विहार फेस टू बी ब्लॉक के सामने आए उस समय आनंद विहार फेस 2 में किराए से रहने वाला अनिल साहू, दीपेश साहू एवं अन्य रोड पर शोर शराब कर रहे थे,जिसे मेरे पति द्वारा कार के लिए रास्ता देने की बात कही गई। इस पर नशे की हालत में आरोपियों ने गाली गलौज देना प्रारंभ कर दिया। जब काजल के पति कार से उतरकर उन लोगों को समझाने की कोशिश की तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्के से मारपीट किये। जब काजल बीच बचाव करने गई तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट