दुर्ग
शांति समिति की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 28 फरवरी। गुरुवार को थाना कुम्हारी परिसर में होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सीएसपी छावनी प्रशांत सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उपस्थित सीएसपी छावनी, तहसीलदार भिलाई-3 और थाना स्टाफ की मौजूदगी में नगर के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि त्यौहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। थाना प्रभारी पुरषोत्तम कुर्रे ने बताया कि शहर के चिह्नित संवेदनशील इलाकों में पुलिस की फिक्स ड्यूटी लगाई जाएगी। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों, तीन सवारी वाहन चालकों और सडक़ों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। त्यौहार के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त पर रहेगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
सीएसपी प्रशांत सिंह ने स्पष्ट किया कि कानून तोडऩे एवं आदेशों का पालन न करने वालों पर सख्ती से कार्यवाही की जाएगी उन्होंने उपस्थित लोगों को होली के संबंध में शासन और प्रशासन के दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया जिसमें मुख्य मार्ग, बिजली के तारों के नीचे और पेट्रोल पंप जैसे ज्वलनशील पदार्थों वाले स्थानों के पास होलिका दहन न करने की हिदायत दी गई। केमिकल युक्त रंगों के बजाय गुलाल का उपयोग करने और किसी पर जबरदस्ती रंग न डालने की अपील की गई साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग न करने, कपड़े फाडक़र होली न खेलने और डीजे का प्रयोग न करने के भी सख्त निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने उपस्थित कोटवारों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर मुनादी कराएं और लोगों को इन नियमों की जानकारी दें। साथ ही, नगरपालिका अध्यक्ष, पार्षदों, सरपंचों और महिला कमांडो के सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
इस अवसर पर सीएसपी छावनी प्रशांत सिंह पैकरा, कुंदन शर्मा तहसीलदार भिलाई-3, थाना प्रभारी पुरषोत्तम कुर्रे, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा, पार्षद उमेश्वरी साहू, मिथलेश यादव, लोकेश साहू, अश्वनी देशलहरे, प्रवीण राव, हरिदास वैष्णव, ओंकार मारकंडे, लेखराम साहू, उमेश साहू एवं काजू भाई सहित विभिन्न वार्डों के पार्षदगण, सरपंच, पंच, कोटवार, पत्रकार बंधु महिला कमांडो के सदस्य एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।


