दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 फरवरी। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (एडीएम) वीरेन्द्र ठाकुर ने सडक़ सुरक्षा उपायों के अन्तर्गत नो हेलमेट नो पेट्रोल संबंधी आदेश को लेकर पेट्रोल पम्प एसोसियेशन के सदस्यों एवं पेट्रोल पम्प संचालकों की कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक ली। इसमें एडीएम ने उन्हें नो हेलमेट नो पेट्रोल आदेश का कड़ाई से पालन करने निर्देश दिए। साथ ही समस्त पेट्रोल संचालकों को पेट्रोल पम्प में जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के अंतर्गत हवा, स्वच्छ पानी, स्वच्छ शौचालय सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने भी निर्देशित किया।
बैठक में पुलिस विभाग से एएसपी सुखनंदन राठौर एवं खाद्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। एडीएम द्वारा जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट नहीं पहनने पर पेट्रोल नहीं दिए जाने संबंधी कलेक्टर के आदेश का पालन किए जाने हेतु समस्त पेट्रोल संचालकों को निर्देशित किया। इस संबंध में लोगों के बीच जनजागरूकता फैलाये जाने संबंधी आदेश भी दिए। उन्हें विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस विभाग से सामंजस्य स्थापित करते हुए कार्य करने कहा गया। एएसपी ने भी समस्त पेट्रोल पम्प संचालकों को हेलमेट की अनिवार्यता के संबंध मे निर्देशित किया। बैठक में पेट्रोल पम्प संचालको ने भी अपनी अपनी समस्याओं से शासन प्रशासन को अवगत कराया।


