दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 फरवरी। नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत शहर के हृदय स्थल इंदिरा मार्केट में महापौर अलका बाघमार ने सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे अग्रसेन चौक स्टेशन रोड से लेकर पुराना बस स्टैंड तक भ्रमण करते हुए बाजार व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर अलका बाघमार ने बाजार क्षेत्र में सडक़ तक सामान फैलाकर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों एवं ठेले-खोमचे संचालकों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि आज समझाइश दी जा रही है, किन्तु पुन: दुकान के बाहर सडक़ तक सामान पाए जाने पर जब्ती एवं जुर्माना की सख्त कार्रवाई की जाएगी। महापौर की उपस्थिति में सडक़ तक सामान बाहर रखने वाले कुछ व्यापारियों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। कुआँ चौक के पास स्थित जूस कॉर्नर द्वारा सडक़ क्षेत्र तक नारियल रखकर व्यवसाय करने पर भी जुर्माना की कार्रवाई की गई। महापौर ने ठेले संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सडक़ छोडक़र अंदर की ओर व्यवस्थित ढंग से व्यवसाय करें।
उन्होंने कहा कि इंदिरा मार्केट में प्रतिदिन हजारों नागरिकों का आवागमन होता है, ऐसे में सडक़ बाधित होने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। महापौर अलका बाघमार ने अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर एवं बाजार अधिकारी अभ्युदय मिश्रा को निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्र में नियमित रूप से विशेषकर शाम के समय निरीक्षण कर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि बाजार क्षेत्र सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं यातायात के लिए सुगम बना रहे।
इस अवसर पर लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्रकार, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल, पार्षद गोविंद्र देवांगन,सावित्री दमाहे, सहायक अभियंता राजेन्द्र ढबाले, अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर, बाजार अधिकारी अभ्युदय मिश्रा सहित अतिक्रमण टीम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। लगभग 3 घंटे तक चले इस निरीक्षण में बाजार क्षेत्र की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।


