दुर्ग

साहित्यिक-सांस्कृतिक व खेलकूद स्पर्धा के विजेता पुरस्कृत
24-Feb-2026 9:17 PM
साहित्यिक-सांस्कृतिक व खेलकूद स्पर्धा के विजेता पुरस्कृत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 24 फरवरी। स्व. बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय, कुम्हारी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। महाविद्यालय में विगत दिनों  साहित्यिक-सांस्कृतिक एवं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

शुक्रवार को आयोजित पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में वर्षभर तथा उक्त प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्राचार्य डॉ. सोनिता सत्संगी ने अपने उद्बोधन में चरित्र निर्माण एवं नैतिक मूल्यों के विकास पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का समग्र विकास है। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की उपलब्धियों की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीना वर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन लक्ष्य निर्धारण एवं प्रतिभा को सिद्ध करने का सर्वोत्तम समय है। विशिष्ट अतिथि, जनभागीदारी अध्यक्ष लोकेश कुमार साहू ने परिश्रम और अनुशासन को सफलता की आधारशिला बताया। पार्षद रागिनी निषाद ने अवसरों का समुचित उपयोग कर निरंतर आगे बढऩे की प्रेरणा दी।

दो दिवसीय आयोजन के अंतर्गत रंगोली, हेयर स्टाइल, मेहंदी, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताओं के साथ-साथ टेबल टेनिस, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, रस्सीकूद, गोला फेंक, क्रिकेट एवं आलू दौड़ जैसी खेलकूद प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इन सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को समारोह में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जनभागीदारी समिति की सदस्य सुनीता कुर्रे, स्थानीय पत्रकारगण, सहायक प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट