दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 फरवरी। जनसेवा और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वैशाली नगर विधानसभा के निवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी सौगात दी है। भिलाई के जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में अब मात्र 1 रुपये में डायलिसिस और सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध होगी।
विधायक रिकेश सेन ने रविवार को इस नई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर इलाज के भारी बोझ को कम करना है।
सेवाओं का विवरण और समय
ज्ञात हो कि वैशाली नगरविधायक कार्यालय अब एक जन-सुविधा केंद्र के साथ-साथ ‘हेल्थ हब’ के रूप में भी उभर रहा है।
नई सेवाओं की रूपरेखा निम्न अनुसार है-
मुख्य सेवाएं -मात्र 1 रुपये में डायलिसिस और 1 रुपये में सोनोग्राफी। समय -प्रतिदिन सुबह 8 से 11 बजे तक। अवकाश - शासकीय अवकाश के दिनों को छोडक़र यह सेवाएं नियमित रहेंगी।
एक ही छत के नीचे मिल रही हैं कई सुविधाएं उल्लेखनीय है कि विधायक कार्यालय में पहले से ही कई जनकल्याणकारी प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। अब स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ यहाँ फ्री ब्लड टेस्ट मरीजों के लिए 31 तरह की जांच पूर्णत: नि:शुल्क है। एक रूपये में एक्स-रे, सडक़ सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए 1 रूपये किराये पर हेल्मेट सुविधा, जरूरतमंदों के लिए राम रसोई में भोजन की व्यवस्था, गरीब और असहाय लोगों के लिए कंबल बैंक के साथ ही आज से डायलिसिस और गर्भवती महिलाओं के लिए 1 रूपये में सोनोग्राफी सेवा भी शुरू हो गई है।
शुभारंभ अवसर पर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि हमारा लक्ष्य राजनीति के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना है। महाशिवरात्रि के शुभ दिन से शुरू की गई 1 रुपए वाली डायलिसिस और सोनोग्राफी सेवा से उन मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी जो आर्थिक तंगी के कारण अपना इलाज नहीं करा पाते थे।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस मानवीय पहल की सराहना की।


