दुर्ग

शून्य टैरिफ पर अमेरिका से कृषि व डेयरी उत्पादों के आयात पर रोक लगाने मांग
13-Feb-2026 4:26 PM
शून्य टैरिफ पर अमेरिका से कृषि व डेयरी उत्पादों के आयात पर रोक लगाने मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 फरवरी।
किसानों ने शून्य टैरिफ पर अमेरिका से कृषि व डेयरी उत्पादों के आयात पर रोक लगाने मांग की है। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के बैनर तले किसानों ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील के विरोध में दुर्ग में गांधी प्रतिमा के पास जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने डील तत्काल रद्द करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी किया।

उल्लेखनीय है कि देश भर में अनेक किसान संगठनों ने डील के विरोध में प्रदर्शन किए। इसी कड़ी में दुर्ग में हुए प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए छग प्रगतिशील किसान संगठन के राजकुमार गुप्त, आई.के. वर्मा, झबेंद्र भूषण वैष्णव एवं उत्तम चंद्राकर ने कहा कि शून्य टैरिफ पर अमेरिका से कृषि तथा डेयरी उत्पाद आयात करने से भारत के किसान और दुग्ध उत्पादक किसान प्रतिस्पर्धा में टिक नहीं पाएंगे, इससे वे बर्बाद हो जाएंगे। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि डील गैरबराबरी का समझौता है भारत से अमेरिका निर्यात होने वाले सामानों पर 18 प्रतिशत टैरिफ एवं भारत आयात होने वाले सामानों और उत्पादों पर कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है, वक्ताओं ने डील तत्काल रद्द करने की मांग की। किसान नेताओं ने 4 केंद्रीय श्रम कोड के खिलाफ श्रमिकों के अभा हड़ताल का समर्थन करते हुए कहा कि इससे औद्योगिक संस्थानों में रोजगार के 33 प्रतिशत अवसर समाप्त हो जाएंगे। इसके अलावा ट्रेड डील के अनुसार अमेरिका के औद्योगिक उत्पाद के आयात से भारत के अनेक उद्योग के बंद होने की स्थिति निर्मित हो सकता है और वहां कार्यरत श्रमिक रोजगार से वंचित हो सकते हैं।

डील के खिलाफ आज के प्रदर्शन में परमानंद यादव, कमलनारायण अग्रवाल, मेघराज मढ़रिया, रविप्रकाश ताम्रकार, ढालेश साहू, बाबूलाल साहू, प्रमोद पंवार, संतुलाल पटेल, देवशरण साहू, दीपक यादव, पुकेश्वर साहू, चित्रेश्वर पिपरिया, रोहित, ओंकार साहू, कीर्तन साहू, मुकेश भारदीय, बालाराम साहू, धर्मेंद्र देशमुख, श्यामलाल साहू, अशोक शर्मा, किशन साहू, संजय ताम्रकार, वेदराम देवांगन, मयाराम यादव, हृदय राम देवांगन आदि शामिल रहे


अन्य पोस्ट