दुर्ग

खाद का भण्डारण शुरू
10-Feb-2026 5:46 PM
खाद का भण्डारण शुरू

दुर्ग, 10 फरवरी। खरीफ 2026-27 में अग्रिम उठाव के लिए अभी से खाद का भण्डारण शुरू कर दिया गया है जबकि अन्य वर्षों में मार्च माह में भंडारण चालू होता था। अब तक जिले में सहकारी क्षेत्र के सिंगल व डबल लाक गोदामों में विभिन्न प्रकार के 22 हजार 775 टन खाद पहुंच चुका है। गौरतलब है कि खेती किसानी के कार्य गति पर होने के दौरान अक्सर पर्याप्त खाद नहीं होने की शिकायत मिलती रहती है। इससे किसानों को राहत दिलाने कृषि विभाग अग्रिम उठाव को बढ़ावा देने अभी से खाद का भंडारण कराने कवायद कर रहा है।

साथ ही इसके लिए विभाग किसानों को भी प्रेरित कर रहा है।जानकारी के अनुसार सिंगल लाक में 13583 एवं डबल लाक में 9191 टन खाद का भंडारण हो चुका है। इनमें 10402 यूरिया, 3489 सिंगल सुपर फास्फेट, 2583 एमओपी, 5491 डीएपी एवं 753 टन 12.32.16 खाद शामिल है। उप संचालक कृषि संदीप भोई का कहना है कि इस बार आगामी खरीफ के लिए विभिन्न प्रकार के खाद का पहले से अग्रिम उठाव के लिए भंडारण कराया जा रहा है ताकि 1 अप्रैल से अग्रिम उठाव शुरू होने पर सभी प्रकार के खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि अग्रिम उठाव करने पर 1 अप्रैल से मई तक का कोई ब्याज नहीं लिया जाता है। इसी प्रकार समितियों पर भी अग्रिम खाद भंडारण का कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ता है। अत: इसका किसान जरूर लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पहले से खाद भंडारण करने से इस बार जिले में खाद की समस्या नहीं रहेगी।
 


अन्य पोस्ट