दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 जनवरी। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का मुहिम छेड़े श्री गोवर्धनमठ पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती महाराज दुर्ग जिले के ग्राम अंडा स्थित शैल देवी महाविद्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमीनार में व्याख्यान देंगे। वे भारतीय ज्ञान परंपरा एवं विज्ञान व वेदांत विषय पर विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनका मार्गदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय सेमिनार को लेकर शंकराचार्य महाराज 29, 30 और 31 जनवरी को ग्राम अंडा (दुर्ग) के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे।
इस दौरान शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती महाराज शैलदेवी महाविद्यालय कैंपस में राष्ट्रीय सेमिनार और धर्मसभा को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय सेमिनार में शोधार्थी छात्रों द्वारा शोध पत्र प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को दीक्षा भी दिलाई जाएगी। इसके लिए पंजीयन करवाना अनिवार्य है।
शैलदेवी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एन. मिश्रा ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में बताया कि राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ 29 जनवरी को सुबह 11.30 बजे होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के कुलपति प्रो. संजय तिवारी होंगे। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ वक्ता के रूप में अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय बिलासपुर के कुलपति प्रो. अरुण दिवाकर नाथ वाजपेई, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज रीवा (मध्य प्रदेश) के प्रो. उत्तम द्विवेदी, शासकीय कमलादेवी राठी महिला पीजी कॉलेज राजनांदगांव के प्रो. ओंकार लाल श्रीवास्तव, शैलदेवी महाविद्यालय अंडा दुर्ग के चेयरमैन राजन कुमार दुबे मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय सेमिनार में करीब 2 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती महाराज के धर्मसभा एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का प्रवेश पूर्णता नि:शुल्क होगा। प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के नीतीश तिवारी, रोहन झा, एवन कुमार भी मौजूद रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एन. मिश्रा ने बताया कि शंकराचार्य महाराज का 29 जनवरी की शाम 5 बजे शैलदेवी महाविद्यालय में आगमन होगा। वे 30 और 31 जनवरी को दर्शन, संगोष्ठी व धर्मसभा में विद्यार्थियों के अलावा श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे। दोनों दिन यह कार्यक्रम सुबह 11.30 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। 1 फरवरी की शाम 5 बजे शंकराचार्य महाराज रायपुर आश्रम के लिए प्रस्थान करेंगे।


