दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर,1 जनवरी । अगासदिया एवं वैभव प्रकाशन के तत्वावधान में 29 दिसंबर को भिलाई नगर के कॉफी हाउस में आयोजित समारोह में लेखक बद्री प्रसाद पारकर की पुस्तक ‘छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं हमारा समाज’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, समाज और छत्तीसगढ़ी संस्कृति से जुड़े विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
डॉ. सुधीर शर्मा ने कहा कि शिक्षाविद् बद्री प्रसाद पारकर ने विगत 5 वर्ष में तीन पुस्तक लिखकर जो यश प्राप्त किया है, वह प्रशंसनीय है।
मुख्य अतिथि इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में हिंदी-अंग्रेजी भाषा विभाग के प्रमुख डॉ. राजन यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती है। उन्होंने बद्री प्रसाद पारकर के लेखन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी रचनाओं में स्थानीय संस्कृति और सामाजिक जीवन की झलक मिलती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. परदेशी राम वर्मा ने कहा- बद्री प्रसाद पारकर शिक्षाविद् रहे हैं। वे अपने छोटे से गांव बेलौदी और छत्तीसगढ़ का नाम रौशन कर रहे है। उनके लेखन में सच्चाई और ईमानदारी देखते ही बनती है। स्वागत भाषण देते बद्री प्रसाद पारकर ने राजभाषा आयोग और वैभव प्रकाशन का आभार माना, जिन्होंने उनकी किताबों का प्रकाशन किया। उन्होंने डॉ. परदेशी राम वर्मा के सतत प्रोत्साहन के लिए आभार मानते हुए कहा कि चौथी किताब उपन्यास के स्वरूप में जल्द ही पूरा कर लेंगे। वक्ता वरिष्ठ साहित्यकारडॉ. दीनदयाल साहू ने कहा कि बद्री प्रसाद पारकर लेखन के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति का व्यवहारिक परिचय देते हैं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बद्री प्रसाद पारकर का लेखन छत्तीसगढ़ी समाज के व्यवहारिक पक्ष को सामने लाता है। लेखक के लेखन कार्य के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया। विशेष अतिथि लेखक एवं समाजसेवी जीआर राणा ने कहा कि छत्तीसगढ़ी साहित्य में नए लेखकों का योगदान महत्वपूर्ण है और इस तरह के आयोजन साहित्यिक संवाद को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने युवा लेखकों को निरंतर अध्ययन और लेखन के लिए प्रेरित किया।
आयोजन में लेखक, साहित्यकार, शिक्षक और साहित्य प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद् -साहित्यकार डॉ. रश्मि तिवारी ने किया। आयोजकों के अनुसार इस तरह के आयोजन आगे भी जारी रहेंगे ताकि स्थानीय साहित्य और संस्कृति को प्रोत्साहन मिल सके।