दुर्ग

सामूहिक अवकाश लेकर रैली निकालकर करेंगे धरना प्रदर्शन
29-Dec-2025 4:37 PM
 सामूहिक अवकाश लेकर रैली  निकालकर करेंगे धरना प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 दिसंबर। शासकीय कर्मचारी सोमवार से तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। जिले अधिकारी कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर 29 से 31 दिसंबर जिला स्तरीय कलम बंद काम बंद आंदोलन के दौरान रैली निकालकर धरना प्रदर्शन करेंगे। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने आंदोलन को लेकर रणनीति बनाई गई है।

फेडरेशन के पदाधिकारियों का कहना है कि मोदी की गारंटी को पूरा कराने तृतीय चरण काम बंद, कलम बंद आंदोलन के तहत यह तीन दिवसीय निश्चित कालीन हड़ताल है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकारी व कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केन्द्र की तिथि से महंगाई भत्ता व महंगाई राहत प्राप्त नहीं हो रहा है जबकि महंगाई दर लगातार बढ़ रही है, ऐसी स्थिति में कर्मचारियों को बहुत ज्यादा आर्थिक नुकसान हो रहा है। वर्तमान सरकार ने सत्ता में आने से पूर्व कर्मचारियों के मंच से तथा अपने घोषणापत्र में मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी के नाम से प्रदेश के कर्मचारियों को केन्द्र की तिथि से महंगाई भत्ता पूर्व की एरियर्स राशि सहित देने का वादा किया था। इस सरकार का लगभग दो वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है, किन्तु महंगाई भत्ता के लिए की गई घोषणा, चार स्तरीय समयमान वेतनमान लागू करने क्रियान्वयन तथा सातवें वेतनमान के अनुसार गृहभाड़ा भत्ता सहित अन्य भत्तों के पुनरीक्षण पर अमल नहीं किया जा रहा है। वे अभी भी केन्द्रीय कर्मचारियों से तीन प्रतिशत पीछे है। देश के अन्य भाजपा शासित राज्य अपने कर्मचारियों को केन्द्र के समान जुलाई 2025 से महंगाई भत्ते के भुगतान की घोषणा आदेश कर चुकी हैं। इसके साथ ही सरकार ने प्रदेश के अनियमित एवं संविदा कर्मचारियों को भी कमेटी गठित कर 100 दिनों के भीतर नियमित करने का वादा किया था जिस पर भी  निर्णय नहीं लिया गया है।

 

 छत्तीसगढ़ राज्य बनने पर प्रदेश के कर्मचारियों को उम्मीद थी कि मध्यप्रदेश से बेहतर आर्थिक स्थिति होगी लेकिन पचीस  साल बाद भी कर्मचारियों की आर्थिक समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ।

उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश जैसा बड़ा राज्य जहां कर्मचारियों की संख्या पचीस  लाख से अधिक है। वहां की सरकार अपने अधिकारी एवं कर्मचारियों को केन्द्र की तिथि जुलाई 2025 से 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता की घोषणा के साथ ही बोनस तथा पेंशनर्स को महंगाई राहत भी दे रही है। इसीलिए सरकार के कर्मचारियों के लिए की गई घोषणा के सभी मुद्दों को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन एवं इससे संबद्ध संगठनों के सभी पदाधिकारी गण अपने विभागीय कर्मचारी साथियों सहित शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला दुर्ग के सामने मे उपस्थित होकर धरना प्रदर्शन करेंगे।


अन्य पोस्ट