दुर्ग

बंद बोरी में मिली महिला की लाश की शिनाख्ती की कोशिश, मुखबिरों को किया अलर्ट
15-Dec-2025 10:48 PM
बंद बोरी में मिली महिला की लाश की शिनाख्ती की कोशिश, मुखबिरों को किया अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 दिसंबर।
चंद्रा-मौर्या रेलवे अण्डरब्रिज की नाली में शनिवार को बोरे के अंदर मिली महिला के लाश की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। इस बीच पुलिस की ओर से छह बिंदुओं में जानकारी देते हुए मृतका की शिनाख्तगी का प्रयास किया जा रहा है। मामले में सुपेला थाना पुलिस के साथ साथ क्राइम एंड साईबर यूनिट द्वारा मुखबिरों को एलर्ट किया गया है। वहीं दुर्ग जिला सहित पड़ोसी जिलों के विभिन्न थानों के हाल ही में दर्ज महिला गुमशुदगी के प्रकरणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सुपेला पुलिस ने बताया कि शनिवार की सुबह सुपेला थाना क्षेत्र में चंद्रा-मौर्या रेलवे अण्डरब्रिज की नाली में बोरी में बंद महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। लाश मिलने के 30 घंटे बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो पाने से पुलिस की जांच को सही दिशा नहीं मिल पा रही है।
पुलिस की ओर से मृतका की पहचान के लिए छह बिंदुओं में जानकारी दी गई है। एडिशनल एसपी शहर सुखनंदन राठौर के मुताबिक मृत महिला की उम्र 30 से 35 वर्ष होने का अनुमान है। उसके बाएं हाथ में त्रिशूल में महादेव लिखा है। बाएं हाथ में ही महादेव के नीचे लखन, सुरेश, अंग्रेजी अक्षर में बी एम और आरती का गोदना है। बाएं हाथ की तजर्नी अंगुली के पीछे अंग्रेजी में ए का गोदना है और बायीं कलाई पर काला धागा बंधा हुआ है। बाएं कलाई पर सफेद व आसमानी कलर की तीन और दाएं कलाई में उसी कलर का एक चूड़ी है।
 दोनों पैर के अंगूठे में लोहे का रिंग है। वहीं दाएं कान में टॉप्स तथा फिरोजी रंग का पेटीकोट पहने हुए है। पुलिस का पूरा फोकस फिलहाल मृत महिला के शिनाख्तगी पर है। मृतका की पहचान होने के बाद संभावित हत्या की वजह और आरोपी तक पहुंचने का रास्ता आसान हो जाएगा।


अन्य पोस्ट