दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 दिसंबर। नगर पालिक निगम भिलाई जोन-4 शिवाजी नगर खुर्सीपार अंतर्गत नवीन डामरीकरण सडक़, नवनिर्मित सामुदायिक भवन, निगम स्वामित्व के भूखण्ड सहित इंडोर स्टेडियम का अवलोकन निगम आयुक्त द्वारा किया गया।
निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय एवं जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे द्वारा वार्ड क्रं. 51 पंडित दीनदयाल कालोनी में नवीन डामरीकरण सडक़ निर्माण का अवलोकन किया गया है। नवीन डामरीकरण रोड का लागत 99 लाख है । इस सडक़ के निर्माण से सैकड़ों राहगीरों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। कॉलोनी में ही नवीन सामुदायिक भवन का निर्माण किया गया है, जहां पार्किंग एरिया में पूर्व से लगे पेवर ब्लाक को साफ-सफाई एवं व्यवस्थित कराने उप अभियंता चंद्रकांत साहू को निर्देशित किये हैं।
निगम स्वामित्व के भूखण्ड का अवलोकन करते हुए भूखण्ड से निगम की आय बढ़ाने के संबंध में चर्चा की गई है। आयुक्त द्वारा खुर्सीपार में इंडोर स्टेडियम में चल रहे संधारण कार्य का अवलोकन किया गया एवं बेहतर व्यवस्था हेतु साफ-सफाई कराने जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी को निर्देशित किया गया है। साथ ही स्टेडियम को रूचि की अभिव्यक्ति बुलाकर निजी संस्था को दिये जाने के संबंध में चर्चा किया गया। जिसके कार्यवाही हेतु कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा को निर्देशित किये है। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता निरीक्षक अतुल यादव, सुपरवाइजर वेंकट सहित जोन-4 के अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


