दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 दिसंबर। आबकारी विभाग ने सूर्या ट्रेजर मॉल स्थित होटल लिस्टोमानिया क्लब एंड किचन का लाइसेंस 4 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया है।
दरअसल बार के खिलाफ आबकारी विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि बार बंद करने की तय समय सीमा खत्म होने के बाद ग्राहकों को अंदर बैठाकर शराब पिलाती जाती है। शिकायतों की जांच करने पर मामला सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई। दरअसल लिस्टोमानिया बार हमेशा से विवादों में रहा है। पिछले माह स्मृति नगर चौकी पुलिस ने भी देर रात तक बार संचालित होता पाया। इसके बाद भी व्यवस्थाओं को सुधारने की जगह बार संचालक लगातार बाहर की शराब भी परोस रहा था।
इस बीच जनदर्शन में कलेक्टर लिस्टोमानिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। इस पर मामले को गंभीरता लेते हुए कलेक्टर ने आबकारी अधिकारियों को जांच के आदेश दिए। इस पर आबकारी विभाग की टीम होटल एवं बार में छापेमारी के लिए पहुंची, जहां निरीक्षण के दौरान आबकारी टीम को तमाम अनिमियताएं मिली। इस पर कलेक्टर ने सोमवार को बार का लाइसेंस चार दिनों के लिए सस्पेंड करने का आदेश दिया। आदेश के बाद बार पर सील लगा दी गई है।


