दुर्ग
ऑनलाइन मोबाइल का सौदा,आरोपियों की तलाश में जुटी कुम्हारी पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 दिसंबर। कुम्हारी थाना अंतर्गत ऑनलाइन मोबाइल का सौदा मामले में एक छात्र अपना मोबाइल बेचने टाटीबंध गया था, लेकिन मौका पाकर बाइक सवार बदमाश 22 हजार रुपए में खरीदने की बात करते-करते उसका मोबाइल फोन,चार्जर और बिल समेत पूरा बॉक्स झपटकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर पुलिस मामले में धारा 3(5),304(2) बीएनएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है।
कुम्हारी पुलिस ने बताया कि खमतराई रायपुर निवासी रोहित देवांगन (22 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि उसने अपना मोबाइल बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला था। सुबह उसके पास कुम्हारी के एक मोबाइल नंबर से संपर्क हुआ। कॉल करने वाले ने खुद को खरीदार बताते हुए फोन खरीदने में रुचि दिखाई और सौदा आगे बढ़ाने के लिए उसे रायपुर-दुर्ग रोड स्थित टाटीबंध पेट्रोल पंप के पास बुलाया। रोहित अपने दोस्त दीपक साहू के साथ स्कूटी से तय स्थान पर पहुंचा। वहां कुछ देर बाद ओरेंज रंग की एनएस पल्सर बाइक पर 24-25 वर्ष के दो युवक पहुंचे। दोनों ने मोबाइल बॉक्स देखा,फोन चेक किया और 22,000 रुपए में खरीदने की सहमति जताई।
उन्होंने रोहित से कहा कि उनके पास कैश नहीं है। वे कुम्हारी के एटीएम से पैसे निकालकर तुरंत दे देंगे। इस पर रोहित ने फोन, चार्जर और बिल को वापस बॉक्स में रखकर उनके साथ कुम्हारी की ओर चल पड़ा। जैसे ही तीनों वाहन टोल प्लाजा पार कर अमृततुल्य चाय दुकान के सामने पहुंचे। तभी बाइक सवार दोनों युवक अचानक रोहित की स्कूटी के बिल्कुल पास आ गए। इससे पहले कि रोहित कुछ समझ पाता। पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ में पकड़ा हुआ मोबाइल का बॉक्स जोर से झपट लिया और पल भर में बाइक तेज गति से भगाते हुए कुम्हारी की ओर फरार हो गए। छात्र रोहित ने वारदात के बाद कुछ दिनों तक अपने स्तर पर मोबाइल की खोजबीन की, लेकिन जब हार गया तो उसने 6 दिसंबर को कुम्हारी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


