दुर्ग
दुर्ग, 6 दिसंबर। अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर वार्ड 17 कादम्बरी नगर स्थित ब्राइट मंदबुद्धि एवं मूकबधिर विद्यालय संस्था द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेयर अलका बाघमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर लोक कर्म प्रभारी देव नारायण ंद्राकर, पार्षद सुरुचि उमरे रंजीता पाटिल, राजू राजपूत सहित आदि मौजूद रहें। संस्था द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। इसी उद्देश्य से समारोह, सेमिनार, जागरूकता शिविर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन कर दिव्यांग हितग्राहियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन हमारी समाज की शक्ति हैं। उनमें अद्भुत प्रतिभा, धैर्य और जिजीविषा होती है। हमारा दायित्व है कि हम उन्हें समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन प्रदान करें। नगर निगम हमेशा दिव्यांगजन हितार्थ कार्यों को प्राथमिकता देगा और उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। मेयर ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के विद्यालय और संस्थाएं समाज में जागरूकता बढ़ाने और दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


