दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 दिसंबर। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों दो पहिया वाहन चोरी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस की ढिलाई का परिणाम है कि आरोपी बेखौफ होकर घर या हॉल के सामने खड़ी मोटरसाइकिल की चोरी कर रहे हैं।
प्रार्थी बालमुकुंद साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि वह हाउस कीपिंग का काम करता है। उसके भाई रोशन साहू के नाम से रजिस्टर मोटरसाइकिल हीरो पैशन प्रो सीजी 07 बीए 5066 से वह अपने काम से न्यू आदर्श नगर दुर्ग आया हुआ था। रात लगभग 8.30 बजे उसने कात्यायनी माता मंदिर जाने वाले गेट के सामने न्यू आदर्श नगर में अपनी मोटरसाइकिल को खड़ी करके सामने होटल में खाना खाने चला गया था।
खाना खाने के बाद लगभग 9 बजे वापस आया तो देखा उसकी मोटरसाइकिल खड़े की जगह पर नहीं थी।
आसपास तलाश करने के बाद उसने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी लोकेश्वर साहू आजाद चौक बोरसी निवासी है और वह स्कूल चौक बोरसी हनोदा रोड में मोबाइल एक्सप्रेस नाम से दुकान चलाता है। 20 नवंबर की शाम को 6.30 बजे वह अपनी वाहन एक्टिवा सीजी 07 सी वाई 2758 को अपने घर आजाद चौक बोरसी के बाहर खड़ी करके घर के अंदर चला गया था।
दूसरे दिन सुबह सोकर उठा तो देखा उसकी एक्टिवा गायब थी। चोरी गए वाहन की कीमत लगभग 42000 रुपए आंकी गई है। अपने स्तर पर प्रार्थी ने वाहन का पता तलाश किया इसके बाद शिकायत दर्ज कराई।
इसी तरह प्रार्थी बेद नाथ देशमुख ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ग्राम धनोरा स्थित तुलसी पैलेस में एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने 1 दिसंबर की रात को पहुंचा था। उसने अपनी मोटरसाइकिल पैशन प्रो सीजी 07 एपी 8172 को ताला लगाकर पार्किंग में खड़ी कर दिया था। कार्यक्रम के बाद रात लगभग 10 बजे घर जाने के लिए निकला तो देखा उसकी मोटरसाइकिल गायब थी।
आसपास तलाश करने के बाद उसने तुलसी पैलेस में लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा तो अज्ञात आरोपी उसकी मोटरसाइकिल को चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिया है।


