दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 दिसंबर। नगर निगम भिलाई के जोन -4 और जोन -3 क्षेत्र में आज मच्छर जनित रोग डेंगू और मलेरिया से बचाव और मच्छर उन्मूलन कार्यक्रम के तहत एक विशेष अभियान चलाया गया। निगम के वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक के के सिंह के साथ विशेष दस्ते और जिला मलेरिया विभाग के सर्वेलेंस कार्यकर्ताओं की एक संयुक्त टीम ने क्षेत्र में गहन कार्रवाई की।
कार्रवाई का मुख्य क्षेत्र जोन -4, वार्ड -48 खुर्सीपार कबीर मंदिर के पास स्थित चर्च के पीछे की बस्ती है । टीम ने घर-घर जाकर कूलर, टंकी, ड्रम, कंटेनर और अन्य जल जमाव वाले स्थानों की सघन जांच की।
जांच के दौरान पाए गए पुराने और जमे हुए पानी को तत्काल खाली कराया गया, जिससे मच्छर के लार्वा के पनपने के स्रोत नष्ट हो सकें। मच्छर के लार्वा के नियंत्रण हेतु स्प्रेयर पंप द्वारा पानी मिश्रित एक्यूगार्ड का छिडक़ाव किया गया। व्यस्क मच्छरों पर नियंत्रण पाने के लिए पानी मिश्रित मैलाथियान का भी छिडक़ाव कार्य संपादित किया गया।
मोहल्ले में स्थित पक्की और कच्ची नालियों के जमाव वाले पानी में भी एक्यूगार्ड/ मैलाथियान का विशेष छिडक़ाव किया गया। अभियान के दौरान सर्वेक्षित सभी घरों के निवासियों को मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए आवश्यक स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पाम्पलेट वितरण का कार्य भी संपादित किया गया, ताकि नागरिक स्वयं भी अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और सूखा रखकर इन रोगों के खतरे को कम कर सकें। यह संयुक्त कार्रवाई क्षेत्र को मच्छर मुक्त बनाने और सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा करने के निगम के संकल्प को दर्शाती है।


