दुर्ग

भारती विवि के विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण
02-Dec-2025 3:02 PM
भारती विवि के विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 2 दिसंबर। भारती विश्वविद्यालय के माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी एवं बॉटनी विभाग तथा आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में बीएससी एवं एमएससी विद्यार्थियों के लिए 22 नवंबर को रायपुर स्थित पार्ले जी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी एवं देव लीला बायोटेक्नोलॉजी प्लांट टिश्यू कल्चर लैब का औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया।

 जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रायोगिक एवं औद्योगिक गतिविधियों से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था। पार्ले जी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में विद्यार्थियों ने बड़े पैमाने पर खाद्य निर्माण प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र तथा पार्ले जी बिस्किट के निर्माण की संपूर्ण उत्पादन श्रृंखला का विस्तृत अवलोकन किया, जिससे उन्हें कक्षा में पढ़ाए जाने वाले सैद्धांतिक ज्ञान और वास्तविक उद्योग प्रक्रियाओं के बीच गहरा समन्वय समझने का अवसर मिला।

वहीं देव लीला बायोटेक्नोलॉजी टिश्यू कल्चर लैब में विद्यार्थियों को उन्नत जैव-प्रौद्योगिकी तकनीकों जैसे टिश्यू कल्चर, सूक्ष्म प्रवर्धन, पौध जनन एवं आनुवंशिक सुधार से संबंधित आधुनिक प्रयोगात्मक प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अध्ययन करने का अवसर प्राप्त हुआ, जो विशेष रूप से जीवन विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ।

इस शैक्षणिक भ्रमण ने विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को विस्तृत कर उद्योग एवं शोध जगत की समझ को मजबूत किया, जिससे उनके भविष्य के करियर विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। भ्रमण में माइक्रोबायोलॉजी विभाग से सुश्री प्रियंका सिन्हा, सुश्री पर्ति पवार एवं सुश्री ट्विंकल श्रीवास, बॉटनी विभाग से श्रीमती युक्ति नोनहरे एवं रोशन नोनहरे तथा बायोटेक्नोलॉजी विभाग से श्रीमती गरिमा बंछोर सम्मिलित रहे। यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र शैक्षणिक उत्थान की दिशा में एक सार्थक एवं सफल पहल रही।


अन्य पोस्ट