दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाईनगर, 30 जून। गत दिनों संतोष वर्मा (आईएएस) जो कि अजाक्स मध्यप्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष हैं, के द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों के बारे में सार्वजनिक मंच से दिए अनुचित बयान (जब तक ब्राह्मण अपनी बेटी दान न करें तब तक आरक्षण मिले) जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिससे सम्पूर्ण ब्राह्मण समाज आहत है और जिससे उनकी प्रतिष्ठा पर आंच आ रही है। उनके इस कृत्य से सामाजिक सौहार्द बिगडऩे की स्थिति भी निर्मित होने की संभावना है, ब्राह्मण समाज में उनकी बातों से काफी आक्रोश है।
इसी बात को लेकर ब्राह्मण समाज ने स्टेशन चौक में संतोष वर्मा का पुतला फूंका।
ब्राह्मण समाज ने कहा कि संतोष वर्मा एक भारतीय प्रशासनिक अधिकारी है, उन्हें सभी नियम-कानून का ज्ञान होने के बाद भी ऐसा कृत्य करना उनकी संर्कीण मानसिकता को प्रदर्शित करता है।
अत: उनसे आईएएस अवार्ड वापस लिया जाए साथ ही उन पर तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 298, 299 एवं धारा 4 स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 153 तथा आई टी. एक्ट सेक्शन 67 के तहत अपराध पंजीबद्ध एवं उन पर कठोर प्रशासनिक कार्यवाही कर ब्राह्मण समाज को उचित न्याय दिलवाया जाय जिससे आने वाले समय में इस प्रकार के सामाजिक विद्वेष फैलाने वालों पर अंकुश लग सके।
इस आयोजन को सम्बोधित करने वालों में आर बी मिश्रा, पी एन दुबे, अवधेश शुक्ला, गजेंद्र पाण्डेय, प्रभात मिश्रा, लक्ष्मी, वीरेंद्र सिंह, रवि जैन, सुरेश पाण्डेय, अनिल कुमार शुक्ला, अजय शुक्ला, देव शर्मा, नवीन दुबे, अनुज शुक्ला, मनोज मिश्रा एवं मनोज वर्मा शामिल हैं। इस आयोजन में चौक में विद्युत व्यवस्था की की कमी की वजह से थोड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा।


