दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 नवंबर। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में चल रहे एसआईआर अभियान की प्रगति का जायज़ा लेने केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने वार्डों में व्यापक भ्रमण किया। वार्ड 44 गुरुघासीदास नगर में उन्होंने बीएलओ एवं एसआईआर कार्य में संलग्न कर्मचारियों से गणना फॉर्म की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और शेष कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री यादव ने वार्ड के नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे बीएलओ का सहयोग कर गणना फॉर्म शीघ्र भरें, ताकि निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा हो सके।
उन्होंने दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में एसआईआर फॉर्म भरने की प्रगति, लंबित कार्य और समस्याओं के निदान करने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। जिन मतदाताओं के मतदान केंद्र बदले गए हैं, उनके फॉर्म में शिफ्टिंग स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने कहा गया कि प्रत्येक मतदाता का गणना फॉर्म अनिवार्य रूप से भरा जाए।
श्री यादव ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाए। व्यक्तिगत जिम्मेदारी से वे अपने बूथ लेवल अधिकारी के पास गणना पत्र भरकर जमा करे। मतदाता जिस मतदान केंद्र के क्षेत्र की छोडक़र अन्यत्र शिफ्ट हो चुके है। छोड़ चुके मतदान केंद्र से अपना नाम हटवाए और जिस केंद्र में स्थाई रूप से निवास कर रहे है उस मतदान केंद्र में वे अपना नाम जुड़वाए।
उन्होंने सभी पार्षदों, मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने वार्डों में सक्रियता बढ़ाने, टीम के साथ समन्वय बनाए रखने और मतदाताओं के सतत संपर्क में रहकर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर पार्षद सरिता चंद्राकर, मनीष कोठारी, संजय अग्रवाल, साजन जोसफ, गुलशन साहू, प्रकाश गीते, मंडल अध्यक्ष महेन्द्र लोढ़ा, आसिफ अली, विनोद चंद्राकर, अनिकेत यादव, एडीएम अभिषेक अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव, निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता उपस्थित रहे।


