दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 नवंबर। स्कूल जाते वक्त एक महिला टीचर किडनैपिंग का शिकार हो गई थी। किडनैपर ने महिला के पति के फोन पर फोटो भेजी और टीचर के पति से 5 लाख की फिरौती मांगी थी।
टीचर राधा साहू के पति मुकेश ने पत्नी के अपहरण की शिकायत थाने में दर्ज कराई । शिकायत दर्ज करते ही हडक़ंप मच गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को बरामद कर लिया है, वहीं पकड़ाये एक आरोपी से पूछताछ कर रही है। कैम्प-1 निवासी महिला राधा साहू (43 वर्ष) पति मुकेश साहू सेक्टर-8 भिलाई स्थित मूक-बधिर स्कूल की टीचर है। शुक्रवार सुबह हमेशा की तरह राधा साहू अपने घर कैंप-1 से भिलाई सेक्टर-8 में मौजूद मूक-बधिर स्कूल के लिए निकली थी। पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी ऑटो में बैठकर स्कूल जा रही थी, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची। रास्ते में ही पत्नी किडनैप हो गई। मेडिकल स्टोर्स चलाने वाले उसके पति ने बताया कि जब पत्नी राधा स्कूल नहीं पहुंची तो उसके स्कूल से फोन आया। पति से स्कूल प्रबंधन ने पूछा कि राधा साहू आज क्यों नहीं आई। पति को यह सुनकर शक हुआ और वह तुरंत उसे ढूंढने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि इसी बीच महिला के मोबाइल फोन से पति के पास फोन आया था। फोन करने वाले ने बताया कि उसकी पत्नी का अपहरण कर लिया गया है। किडनैपर ने महिला के मोबाइल से ही फोटो खींचकर पति को भेजा। किडनैपर ने पति से कहा कि उसने तुम्हारी पत्नी को पेड़ के नीचे बांधकर रखा है। 5 लाख दोगे तभी तुम्हारी पत्नी को छोड़ेंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि थाना छावनी अंतर्गत एक महिला टीचर के अपहरण की शिकायत उसके पति द्वारा शुक्रवार की दोपहर को दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि किडनैपर द्वारा उसकी पत्नी को छोडऩे के एवज में उससे 5 लाख रुपए की मांग की जा रही है। शिकायत दर्ज होते ही तुरंत पुलिस की अलग-अलग टीम पतासाजी में लगा दी गई थी। वह महिला सकुशल बरामद कर ली गई है। उसे घर से थोड़ी दूर पर एक पेड़ के पास से बरामद किया गया है। महिला एवं पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


