दुर्ग

बकायेदारों पर निगम का शिकंजा, लाखों की राशि निगम कोष में जमा
27-Nov-2025 6:36 PM
बकायेदारों पर निगम का शिकंजा, लाखों की राशि निगम कोष में जमा

नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 27 नवंबर। नगर निगम द्वारा जल कर वसूली को लेकर चलाए जा रहे अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार बढ़ते बकायों को देखते हुए आयुक्त सुमित अग्रवाल ने राजस्व विभाग को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।

इसी के तहत मंगलवार को निगम राजस्व टीम विभिन्न वार्डों में पहुंची और बकाया राशि नहीं जमा करने वालों के नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई शुरू की। उक्त अभियान के अंतर्गत उप-राजस्व निरीक्षक संजय मिश्रा एवं उनकी टीम ने आज वार्डों का निरीक्षण करते हुए बकायेदारों को नोटिस दिया तथा कर भुगतान के लिए बाध्य किया। इस दौरान कई नागरिकों ने तुरंत कर राशि जमा कर निगम कोष में सहयोग दिया।

सबसे पहले वार्ड 32 में पुष्पा देवी पति उम्मेद चंद जैन द्वारा 41,517 की राशि चेक के माध्यम से जमा की गई, जिससे उनके जल-कर का लंबित भुगतान साफ हुआ। सुंदर फगुवा द्वारा 10,480 नगद राशि बकाया कर के रूप में जमा कराई गई, जो नल कनेक्शन काटे जाने की नोटिस के बाद दी गई। इसी वार्ड में प्रहलाद साहू ने भी 18,337 की राशि नगद में जमा कर निगम की कार्यवाही से राहत पाई। निगम प्रशासन ने कहा है कि जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं नागरिक सुविधाओं के विकास हेतु कर वसूली अत्यंत आवश्यक है।

निगम के राजस्व में कमी आने से कार्यों की गति प्रभावित होती है, इसलिए समय पर जल-कर भुगतान करना प्रत्येक उपभोक्ता की जिम्मेदारी है। राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है की जो उपभोक्ता बार-बार नोटिस देने के बाद भी भुगतान नहीं करेंगे, उनके नल कनेक्शन बिना किसी अतिरिक्त सूचना के विच्छेदित कर दिए जाएंगे।


अन्य पोस्ट