दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य जारी है, जिसमें बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) डोर-टू-डोर मतदाता फॉर्म का वितरण कर रहे हैं। आयुक्त सह अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी और संयुक्त कलेक्टर सह निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने बीएलओ के कार्य का जायजा लिया है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने के लिए सोमवार को निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय और सहायक निर्वाचन अधिकारी व संयुक्त कलेक्टर सुश्री सिली थॉमस मैडम ने भिलाईनगर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया।
जोन क्रमांक 1, नेहरू नगर अंतर्गत ग्रीन वेली कॉलोनी एवं नेहरू नगर पूर्व में निरीक्षण किया गया। आयुक्त और संयुक्त कलेक्टर ने ग्रीन वैली कॉलोनी एवं नेहरू नगर पूर्व में कार्यरत बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर से मुलाकात की और उनके डोर-टू-डोर मतदाता फॉर्म वितरण और सत्यापन कार्य का विस्तृत जायजा लिया।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया और उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण में भरी जाने वाली महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराया। निगम आयुक्त एवं संयुक्त कलेक्टर ने अपने सामने 7 फार्म भरवाए। निगम आयुक्त ने बीएलओ से उनके कार्य में आने वाली किसी भी समस्या को अवगत कराने को कहा ताकि उनका तत्काल निवारण किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने कार्य में गति और पारदर्शिता लाने जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत को निर्देश दिए गए कि मतदाता कार्य से संबंधित जानकारी के लिए सभी वार्डों में मुनादी कराकर नागरिकों को सूचित करें।
निगम आयुक्त सह अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय ने समस्त नागरिकों से भावनात्मक अपील की है कि देश के जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए बीएलओ के कार्यों में सहयोग प्रदान करें और इस महत्वपूर्ण शासकीय कार्य को सफल बनाएं। यह कार्य त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान संजय अग्रवाल, एफ एल साहू, पुरूषोत्तम सिन्हा, बसंत साहू, सुनील जोशी सहित जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना एवं अन्य कर्मचारी गण उपस्थित रहे ।


