दुर्ग
दुर्ग, 8 नवंबर। मोहन नगर थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगह से वाहन चोरी के मामले दर्ज किए गए हैं। अज्ञात आरोपियों ने मोटरसाइकिल एवं ई-रिक्शा की चोरी कर ली। दोनों ही मामले में पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोहन नगर पुलिस ने बताया कि प्रार्थी खोज कुमार ताम्रकार कारपेंटर का काम करता है। 3 नवंबर की दोपहर 2 बजे वह मोहक इंटरप्राइजेज के सामने धमना रोड में अपने मोटरसाइकिल हीरो एचएफ डीलक्स सी जी 07 सी जी 1744 में सामान खरीदने गया हुआ था। उसने अपनी मोटरसाइकिल को दुकान के सामने रोड के किनारे खड़े कर दिया था। सामान खरीद कर जब वापस आया तो देखा उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। चोरी गए मोटरसाइकिल की कीमत 15000 रुपए आंकी गई है। इसी तरह प्रार्थी गणपत कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि वह ई-रिक्शा चलाने का काम करता है। उसकी बहन हेमीन यादव के नाम पर ई रिक्शा सीजी 07 सी एस 4113 है जिसे वह चलाता है। 5 नवंबर की रात को अपनी ई-रिक्शा में दमदार रोड स्थित देसी शराब भट्टी शराब खरीदने गया हुआ था। ई रिक्शा को उसने रोड के किनारे खड़ी कर दिया था। शराब खरीद कर जब वापस आए तो देखा उसकी ई-रिक्शा वहां पर नहीं थी। आसपास पता तलाश करने के बाद प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


