दुर्ग
पूर्व सीएम बघेल ने सोटा लेकर निभाई परंपरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 23 अक्टूबर। नगर में सोमवार की शाम मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना के बाद देर रात से आदिवासी समाज द्वारा गौरा गौरी की बारात निकाली गई जिनमें बड़ी संख्या में नगरवासी जुटे और नाचते गाते हुए शीतला मंदिर तक पहुंचे।
वहीं दीपावली के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार की सुबह कुम्हारी के पुरानी हटरी पहुंचकर गौरी-गौरा की पूजा करने के बाद प्रदेश वासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सोटा खाने की परंपरा को निभाते हुए अपने हाथों पर सोटा लिया। कुम्हारी निवासी गिरधारीलाल ध्रुव ने परंपरा का निर्वहन करते हुए सीएम को सोटा लगाया। इनके बाद सीएम ने नगर भ्रमण कर नगरवासियों से मुलाकात किया। भारी संख्या में नगरवासियों के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अपने विधायक का स्वागत जोशीले अंदाज में किया।
भूपेश बघेल ने बताया कि वह प्रति वर्ष दीपावली पर्व के अवसर पर जंजगिरी व कुम्हारी में गौरा-गौरी की पूजा करने आते है और जैसा कि परंपरा के अनुसार सुख-शांति के लिए सोटा भी लगवाते है जिससें की हमारे पुरखों की चली आ रही परंपरा व संस्कृति को सहेजा जा सके। इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, स्वप्निल उपाध्याय ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत पार्षद लेखराम साहू विकास सोनकर पूर्व पार्षद मनहरण यादव थनेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सहित नगरवासी उपस्थित रहे।


