दुर्ग

युवक की मिली लाश
22-Oct-2025 10:06 PM
युवक की मिली लाश

दुर्ग, 22 अक्टूबर। रेलवे स्टेशन के पहले गेट के पास इंदौर से भंडार के सामने रेलवे स्टेशन के बोर्ड नंबर 3 के पास लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मंगलवार की सुबह मिला है। शरीर में पीठ एवं गले के पास धारदार हथियार के चोट के निशान मिले है। शव की शिनाख्ती नहीं हो पाई है।

 पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है परंतु देर शाम तक सफलता नहीं मिल पाई। मोहन नगर पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है। मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कुमार कोसले ने बताया कि दुर्ग रेलवे स्टेशन के पहले गेट के सामने फुटपाथ पर सुबह एक युवक का शव देखा गया था। इसकी सूचना मिलते ही मौके स्थल पर मोहन नगर पुलिस पहुंची। शव को मर्चुरी भेजा गया। अवलोकन के दौरान मृतक के शरीर में पीठ एवं गले के पास किसी धारदार हथियार से चोट के निशान देखे गए है।

घटनास्थल पर खून फैला हुआ था वहीं मृतक का शर्ट पड़ा हुआ मिला जिस पर वी आर सिक्योरिटी सर्विसेज लिखा हुआ है।जिसके कारण हत्या की संभावना व्यक्त की जा रही है। मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। मोहन नगर पुलिस के द्वारा बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। फिलहाल मोहन नगर पुलिस विवेचना कर रही है। उल्लेखनीय है कि रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म, स्टेशन परिसर में लगभग 43 कैमरे लगे हुए हैं जिससे पूरी नजर रखी जाती है।

स्टेशन के मेन गेट एवं उसके सामने के हिस्से की ओर कैमरे नहीं लगे हैं। जिसके कारण पुलिस को भी किसी तरह की सहायता नहीं मिल पा रही है।


अन्य पोस्ट