दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 अक्टूबर। पदमनाभपुर थाना क्षेत्र के बोरसी में बीती रात दो आरोपियों ने चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया उसके बाद उसे हायर ट्रीटमेंट के लिए निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती किया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है।
पुलिस के मुताबिक रात लगभग 1.30 बजे बोरसी चौक स्थित ए 1 कोलकाता स्वीट्स के पास नीतीश यादव उर्फ सूरज यादव निवासी इंद्रा नगर बोरसी खाना खाकर अपने दोस्तों के साथ खड़ा हुआ था।
इसी दौरान वहां पर आरोपी रोशन रिचर्ड एवं शादाब खान दोनों निवासी बोरसी वहां पर पहुंचे। इस दौरान रोशन रिचर्ड और नीतीश यादव के बीच किसी बात को लेकर बहस होने लगी और दोनों गाली गलौज करने लगे। पुलिस ने बताया कि आरोपी शादाब खान ने नीतीश पर चाकू से वार कर दिया इससे नीतीश यादव को चोटे आई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


