दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 अक्टूबर। दीपावली का त्योहार खुशियां बांटने का त्योहार माना जाता है और यह खुशियां लोग अलग-अलग अंदाज में बांटना पसंद करते हैं। ठीक इसी तरह वार्ड 30 की पार्षद सत्या देवी जायसवाल ने भी एक अनूठा प्रयास किया। उन्होंने सफाई मित्रों के साथ दीपावली त्यौहार की खुशियां बांटी।
सुबह अपने-अपने काम से फ्री होकर महिला एवं पुरुष सफाई मित्र वार्ड 30 की पार्षद सत्या देवी जायसवाल के निवास स्थान पहुंचे, जहां वार्ड पार्षद ने बारी-बारी से सभी सफाई मित्रों को दीपावली के पावन पर्व पर मिष्ठान एवं उपहार प्रदान किया।
प्रतिवर्ष इसी तरह सत्या देवी जायसवाल सफाई मित्रों को थोड़ी सी खुशियां बांटने का प्रयास करती हैं, जिससे सफाई मित्रों में भी खुशी देखने को मिलती है।
कार्यक्रम के बाद सफाई मित्रों ने अपने वार्ड पार्षद सत्या देवी का हृदय से धन्यवाद भी किया। वहीं सत्य देवी जायसवाल ने यह बताया कि हर इंसान को यह ध्यान रखना आवश्यक होता है कि जब वह दीपावली के दिन अपने घरों में दिये जलाएं तो यह भी देखें कि कहीं उनके आसपास किसी घर में अंधेरा तो नहीं है और यदि ऐसा है तो उनके घर भी जाकर दो दिये जरूर जलाए, जिससे दीपावली के शुभ अवसर पर माता लक्ष्मी की कृपा सब पर बनी रहे।


