दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 अक्टूबर। मामूली विवाद में अपनी दादी सास की हत्या करने वाली आरोपी बहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से बताया कि 16 अक्टूबर को प्रार्थी सुरेंद्र वर्मा ग्राम गोढ़ी थाना नंदिनी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी मां उर्मिला वर्मा और उसकी बहू रोशनी वर्मा घर पर थे बाकी सदस्य काम पर गए हुए थे। इसी समय घर में हुई घटना की पड़ोसी ने सूचना फोन पर दी। जब प्रार्थी अपने घर पहुंचा तो देखा उसकी मां बेडरूम में लहूलुहान पड़ी हुई थी। सिर में गंभीर चोट के निशान थे और उसकी मौत हो चुकी थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच पर लिया गया था। संदेही रोशनी वर्मा से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार किया।
आरोपिया ने बताया कि उसकी दादी सास उसे खाना बनाने के नाम पर ताना मारते रहती थी। उसके हाथ का बना खाना नहीं खाने को लेकर उस दिन दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने बेडरूम में रखा लोहे के हथौड़े से दादी सास उर्मिला वर्मा के सिर पर वार कर दी थी। पुलिस ने लोहे के हथौड़े को जब्त कर लिया है। आरोपिया रोशनी वर्मा (21 वर्ष) ग्राम गोढ़ी थाना नंदिनी नगर को जेल दाखिला किया है।


