दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 अक्टूबर। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत स्थित सेक्टर 10 ममता उद्यान, सेक्टर 05 ट्रैफिक पार्क, सेक्टर 02 तालाब उद्यान, करतार सिंह उद्यान, हुडक़ो स्थित सुभाष उद्यान, एम आई जी अमृत उद्यान, सेक्टर 7 स्थित सडक़ आठ नौ उद्यान, सेक्टर 7 तालाब उद्यान, अंडर ब्रिज उद्यान, प्रियदर्शनी परिसर सुभाष चंद्र बोस उद्यान, बाल उद्यान, नेहरू नगर भेलवा तालाब उद्यान, मिलेनियम पार्क, महाराणा प्रताप उद्यान, अशोक उद्यान, शिवाजी उद्यान, गांधी उद्यान, एवं अन्य उद्यानों में पेड़ों के बिखरे हुए डालियों एवं घॉस कटाई का कार्य किया जा रहा है।
अधिक वर्षा होने के कारण पाथवे में काई जम गया है, जिसे ब्लीचिंग पाउडर डालकर साफ किया जा रहा है। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर नगर निगम भिलाई के पांचों जोन क्षेत्र के उद्यानों में नियमित एवं प्लेसमेंट के कर्मचारी लगाए गए है। उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू के नेतृत्व में प्रतिदिन उद्यान कर्मचारी साफ-सफाई एवं ग्रास कटिंग का कार्य कर रहे हैं। उद्यानों के भीतर रोपित पौधों में आवश्यकतानुसार पानी सिंचाई करते हुए खाद डाला जा रहा है, जिससे पौधों का विकास जल्द हो सके।
40 उद्यानों में वुमन फॉर ट्री योजना अंतर्गत 12500 पौधों का रोपण महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया गया है। उक्त पौधों का देखरेख भी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जाएगा।


