दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अक्टूबर। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला स्तर पर नए अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेशभर में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति हेतु एआईसीसी ने 17 पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी है। दुर्ग जिले की तीनों इकाइयों दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई शहर के अध्यक्षों के चयन की जिम्मेदारी अजय कुमार लल्लू को सौंपी गई है।
इसी सिलसिले में उन्होंने दुर्ग शहर जिला कांग्रेस के पाँच ब्लॉकों के कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा की, जिसमें पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा भी उपस्थित रहे। दुर्ग शहर जिला कांग्रेस के पूर्वी (पूर्व), पश्चिमी (पश्चिम), दक्षिणी, उत्तरी और मध्य ब्लॉक में क्रमश: बैठकों का आयोजन किया गया। इनमें कार्यकर्ताओं से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
विभिन्न ब्लॉकों में बैठक शुरू करने से पहले, एआईसीसी पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू ने राजेंद्र पार्क, दुर्ग में स्थित, देश-विदेश में दुर्ग शहर से लेकर अपनी राजनीतिक शैली और संगठन के योगदान के लिए यादगार, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा की प्रतिमा को सम्मान के साथ नमन किया। उसके पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, और उन्होंने मालवीय नगर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक वासुदेव चंद्राकर की प्रतिमा को भी नमन कर, उनके योगदान को स्मरण किया।


