दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 सितंबर। सी.ए. भवन सिविक सेंटर भिलाई में शनिवार को केंद्रीय जीएसटी अधिकारियों एवं छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के पदाधिकारियों व सदस्यों की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य था जीएसटी 2.2 के लाभों को प्रत्येक उपभोक्ता तक पहुँचाना। इस संदर्भ में एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें यह संकल्प लिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए इस आर्थिक तोहफ़े को पूरे समाज तक पहुँचाया जाएगा।
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने इस अवसर पर कहा कि यह अभियान केवल बैठक तक सीमित नहीं रहेगा। हम इसे गली-गली और नगर-नगर तक ले जाएंगे। स्टीकर और पोस्टर लगाकर ग्राहकों एवं व्यापारियों को जागरूक करेंगे और जीएसटी 2.2 के लाभों की जानकारी जनता तक पहुँचाएँगे।
श्री भसीन ने विश्वास दिलाया कि इस पहल को पूरी गंभीरता और जि़म्मेदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। कमिश्नर अमित चौधरी ने कहा की प्रत्येक उपभोक्ता को लाभ मिल रहा है या नहीं इसकी निगरानी रखी जाएगी। कार्यक्रम का समापन संकल्प और जागरूकता अभियान की घोषणा के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में सेंट्रल जीएसटी के संयुक्त आयुक्त अमित चौधरी, डिप्टी कमिश्नर राधे कृष्ण, चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, संयोजक संतोष गहनी,सह संयोजक दिलीप केशवानी, पवन जिंदल, शिवराज शर्मा, चिन्ना राव, विकास जसवाल, सुनील मिश्रा, शान्ती शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं त्रस्ञ्ज अधिकारीगण उपस्थित थे।


