दुर्ग

चरोदा में डोर-टू-डोर संपत्तिकर सर्वे शुरू, महापौर ने लिया जायजा
26-Aug-2025 11:02 PM
 चरोदा में डोर-टू-डोर  संपत्तिकर सर्वे शुरू, महापौर ने लिया जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 26 अगस्त। नगर निगम भिलाई चरौदा क्षेत्र में डोर-टू-डोर संपत्तिकर सर्वेक्षण की शुरुआत सोमवार से कर दी गई। महापौर निर्मल कोसरे ने सर्वेक्षण कार्य का मौके पर निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सर्वे नगर निगम की राजस्व प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सर्वे के पहले दिन महापौर ने वार्ड में जाकर सर्वेक्षण टीमों की कार्यप्रणाली को देखा और नागरिकों से सीधे संवाद कर अभियान के प्रति जागरूकता भी फैलाई। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सर्वे टीमों को जरूरी दस्तावेज और जानकारी देने में सहयोग करें।

नगर निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत के निर्देशन में यह अभियान 40 वार्डों में एक साथ चलाया जा रहा है। प्रत्येक सर्वे टीम में 5 सदस्य शामिल हैं, जो घर-दुकान और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। यह सर्वे एक माह तक चलेगा और इसका मकसद संपत्तियों का पुनर्मूल्यांकन (री-असेसमेंट) कर वास्तविक कर निर्धारण करना है।

राजस्व प्रभारी एवं महापौर परिषद सदस्य मोहन साहू ने बताया कि पहले कर निर्धारण नागरिकों द्वारा दिए गए विवरणों पर आधारित था, जिससे वास्तविक कर संग्रह में अंतर आ रहा था। अब घर-घर जाकर संपत्तियों की सही स्थिति दर्ज की जाएगी, जिससे निगम को सटीक राजस्व आंकड़े मिलेंगे।

महापौर ने कहा कि यह सर्वे भविष्य की विकास योजनाओं का आधार बनेगा। जब तक सही डाटा नहीं होगा, तब तक योजनाओं की सटीक प्लानिंग संभव नहीं है।

उन्होंने सर्वे टीमों को निर्देशित किया कि पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता से कार्य करें ताकि नागरिकों का भरोसा बना रहे। नगर निगम की ओर से नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे सर्वेक्षण के दौरान टीमों का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि नगर का विकास बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।


अन्य पोस्ट