दुर्ग

मंत्री गजेन्द्र यादव का जोरदार स्वागत
22-Aug-2025 3:44 PM
मंत्री गजेन्द्र यादव का जोरदार स्वागत

यह सम्मान मेरा नहीं बल्कि दुर्ग की जनता का है-गजेंद्र यादव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 अगस्त।
प्रदेश सरकार में शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधायी मंत्री बनाए जाने के बाद गजेन्द्र यादव शुक्रवार को पहली बार अपने गृह क्षेत्र दुर्ग पहुँचे। उनके आगमन पर पूरे दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और आम नागरिक सडक़ों पर उमड़ पड़े और भव्य स्वागत कर अपने चहेते नेता के प्रति अपार स्नेह व समर्थन प्रदर्शित किया।

कुम्हारी से लेकर दुर्ग शहर तक (कुम्हारी, चरोदा, भिलाई 3, खुर्सीपार, पावर हाउस, सुपेला, नेहरू नगर, सर्किट हाउस, मालवीय चौक, ग्रीन चौक, अग्रसेन चौक, शिक्षक नगर, मान होटल, चंडी मंदिर, गंजपारा, भाजपा कार्यालय, शनिचरी बाजार, तहसील चौक, केलाबाड़ी, कसारीडीह, महाराजा चौक जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और नागरिकों ने मंत्री गजेन्द्र यादव का फूलों की बारिश कर स्वागत किया। बाजे-गाजे, ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी के साथ पूरे मार्ग में जुलूस का माहौल उत्सवमय बना रहा। रैली में मंत्री यादव ने वाहन से हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर मंत्री का अभिनंदन किया। युवाओं और महिलाओं ने भी बढ़-चढक़र इस ऐतिहासिक स्वागत में अपनी भागीदारी दी। जनता को संबोधित करते हुए मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह सम्मान उनका नहीं बल्कि दुर्ग की जनता का है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में शिक्षा, ग्रामोद्योग और विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहेंगे। भाजपा जिला संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी मंत्री बनने पर गजेन्द्र यादव को शुभकामनाएं दीं और शहर के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट