दुर्ग

अवैध निर्माण हटाने आयुक्त सख्त
19-Aug-2025 5:39 PM
अवैध निर्माण हटाने आयुक्त सख्त

नयापारा और गयानगर में औचक निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 अगस्त।
शहर के तालाब पार बने अवैध निर्माण हटाने आयुक्त सुमित अग्रवाल ने सख्त रवैया अपनाया है। उन्होंने आदेश जारी कर कहा है कि ठेले-खोमचे को व्यवस्थित किया जाए। किसी भी सूरत में तालाब पार अतिक्रमण न हो, इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने सोमवार की सुबह अचानक नया पारा और गया नगर क्षेत्र का दौरा किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड 2, 3, 4, 17 और 18 सहित आसपास के क्षेत्रों की सडक़ों, गलियों, नालियों और तालाबों की स्थिति का निरीक्षण किया।
आयुक्त ने विशेष रूप से तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि तालाब शहर की जलधरोहर हैं और इनके ऊपर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब पर बने सभी अवैध ढांचे तुरंत हटाए जाएं। निरीक्षण में आयुक्त ने पाया कि कई जगह नालियों के किनारे घास उग आई है और गंदगी जमा हो रही है।

आयुक्त ने तत्काल सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी गलियों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी पानी रुका नहीं रहना चाहिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र मिश्रा, विनोद मांझी, शोएब अहमद, गौतम साहू सहित निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट